यह कैसा देश बना दिया हमने,
जहाँ सत्ता ही कानून हो गई,
कुर्सी पर बैठा कोई नेता
तो हर गलती माफ़ हो गई।
हत्या हो, बलात्कार हो,
तानाशाही का राज हो,
कानून उसके घर की चौखट पर
क्यों इतना बेबस आज हो?
नेता हो या उसका परिवार,
क्यों कोई उन्हें छू नहीं पाता?
कितना भी घिनौना अपराध हो,
सिस्टम क्यों आँखें मूँद जाता?
हम किसी दल के अंधभक्त नहीं,
हम देशहित की बात करते हैं,
पर सत्ता से सवाल पूछें तो
देशद्रोही कहलाते हैं।
कभी फंडिंग विदेशी बतलाते,
कभी देश बेचने का इल्ज़ाम,
सच बोलने वालों के हिस्से
क्यों आता है जेल और बदनाम?
कभी परिवार को निशाना बनाते,
कभी जान से मार दिया जाता,
डर के मारे सच बोलने वाला
आखिर चुप हो ही जाता।
जब घर पर संकट आता है,
तब विपक्ष दरवाज़े पर आता है,
मदद के नाम पर तस्वीर खिंचाकर
अपना चेहरा चमकाता है।
पर जब संकट शुरू हुआ था,
तब उनकी चौखट तक जाने नहीं दिया,
मदद के लिए जो हाथ बढ़ाया,
उसे रास्ते में ही रोक दिया।
यह कैसी राजनीति है देश में,
जहाँ दर्द भी अवसर बन जाता है?
जनता का आँसू सूखने से पहले
नेता का पोस्टर छप जाता है।
जाति के नाम पर वोट माँगते,
धर्म के नाम पर आग लगाते,
एक-दूसरे के खिलाफ़ भड़काकर
खुद को धर्मरक्षक कहलाते।
किसी के हाथ में पत्थर देकर
किसी के दिल में नफ़रत भरते,
फिर उसी भीड़ के मरने पर
चुपचाप किनारे खड़े रहते।
अपने घर में धर्म की दीवारें
क्यों अचानक टूट जाती हैं?
पर जनता के बीच वही दीवारें
क्यों तलवारें बन जाती हैं?
सवाल करो तो मौन खड़े हैं,
जैसे सबके हों होंठ सिले,
धर्म के नाम पर लड़ने वाले
क्यों नेता के आगे चुप मिले?
जो भीड़ को आगे करते हैं,
वही संकट में दूर हो जाते हैं,
और जिनके लिए लोग लड़ते हैं,
वही उन्हें पहचानने से मुकर जाते हैं।
यह कैसा देश बना दिया हमने,
जहाँ एम्बुलेंस रुक जाती है,
पर नेता का काफिला आते ही
पूरी सड़क झुक जाती है।
जिस सड़क पर किसी की साँसें
जीवन के लिए लड़ती हैं,
वहीं सत्ता की गाड़ियों के आगे
जनता की धड़कनें मरती हैं।
एक बार कुर्सी मिल जाए तो
दो-तीन पीढ़ियाँ खा जाती हैं,
जनता की मेहनत से कमाई दौलत
नेताओं की तिजोरी भर जाती है।
भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी,
कि फल पीढ़ियों तक आता है,
जनता जीवन भर मेहनत करती,
नेता का परिवार बैठकर खाता है।
और जब युवा परीक्षा देता है,
तो उसकी मेहनत बिक जाती है,
कहीं पेपर पहले ही बिकता है,
कहीं उसकी उम्मीद लीक हो जाती है।
प्रूफ मिलते हैं, सबूत मिलते हैं,
फिर भी कार्रवाई नहीं होती,
जब तक जनता सड़क पर न उतरे
तब तक सरकार क्यों नहीं जागती?
धरना हो, प्रदर्शन हो,
जब आवाज़ बहुत बढ़ जाती है,
तब जाँच की एक टीम बनाकर
फाइल किसी कोने में सो जाती है।
कभी किसी गरीब को पैसे देकर
दोष अपने सिर लेने को कहते हैं,
और असली गुनहगार सत्ता की छाया में
आज भी सुरक्षित रहते हैं।
जाँच कब पूरी होगी—
किसी को कुछ मालूम नहीं,
मुद्दा कब दबा दिया जाएगा—
इसका भी कोई हिसाब नहीं।
और जब लाखों युवा
भूखे-प्यासे बैठ जाते हैं,
तो कुछ मीडिया हँसकर पूछता है—
“क्या सब परीक्षा देने वाले हैं?”
“बाकी लोग तो पढ़ रहे हैं,
तुम क्यों सड़क पर आए हो?”
अरे, जिनका भविष्य लूटा गया,
उन्हें ही दोषी क्यों ठहराए हो?
हम पूछते हैं उन लोगों से,
जो सवालों से घबराते हैं—
क्या देशहित यही है कि
देश में कुछ भी हो और लोग चुप रह जाते हैं?
कहते हो—
“पहले वाली सरकार में क्या हुआ था?”
हम तब छोटे थे,
शायद समझ नहीं थी,
शायद आवाज़ नहीं थी,
शायद हमें बोलने का अधिकार ही नहीं था।
और अगर पहले गलत हुआ था,
तो तुम्हें चुना क्यों गया था?
क्या इसलिए कि तुम भी वही करोगे
जिसके खिलाफ़ तुमने हमें जगाया था?
सत्ता बदलने का मतलब क्या
सिर्फ़ चेहरा बदलना है?
या फिर जनता की उम्मीदों को
फिर से धोखा देना है?
शांतिपूर्ण अनशन हो तो
लाठियाँ क्यों बरसती हैं?
जो अपने हक़ के लिए बैठे हों,
उन पर पुलिस क्यों टूट पड़ती है?
कभी भीड़ में कुछ लोग आकर
पत्थर और हिंसा फैलाते हैं,
फिर शांत बैठे लोगों के माथे
उसी हिंसा का कलंक लगाते हैं।
कौन थे वे?
किसके इशारे पर आए थे?
क्यों हर बार शांत आंदोलन को
हिंसा के नाम पर बदनाम कराए थे?
क्योंकि सत्ता को बस चाहिए
एक बहाना—एक इल्ज़ाम,
फिर जनता पर कार्रवाई हो जाए
और दब जाए सारा सवाल।
पक्ष हो या विपक्ष हो,
सदन में नेता ही नेता हैं,
जनता के सवाल पीछे खड़े,
कुर्सी के सवाल आगे हैं।
महँगाई बढ़ती जाती है,
बेरोज़गारी घर में आती है,
पर सदन में जनता से ज्यादा
नेताओं की कुर्सी बचाई जाती है।
बिल पास होते जाते हैं,
बहसें होती जाती हैं,
पर आम आदमी की आवाज़
फाइलों में दबती जाती है।
कभी-कभी लगता है सचमुच
देश फिर गुलाम हो गया है—
विदेशी हाथों से नहीं,
अपने ही नेताओं के हाथों हो गया है।
फर्क बस इतना है—
तब जंजीरें दिखाई देती थीं,
आज जंजीरें दिखाई नहीं देतीं,
क्योंकि उन्हें जाति, धर्म,
नफ़रत और झूठ के नाम पर पहनाया जाता है।
जनता को जनता से लड़ाकर
सत्ता अपनी कुर्सी बचाती है,
और जब जनता सवाल पूछती है
तो उसे देशभक्ति सिखाती है।
पर याद रखना, ऐ सत्ता के मालिकों,
जनता हमेशा मूर्ख नहीं रहती,
जो आज तुम्हारी चालों में उलझी है,
वह कल सब समझ सकती है।
आज जो नफ़रत बो रहे हो,
कल उसका हिसाब होगा,
आज जो जनता को बाँट रहे हो,
कल वही जनता जवाब होगी।
जनता ने तुम्हें देश चलाने को
अपना प्रतिनिधि बनाया है,
अपना साम्राज्य बनाने को नहीं,
अपना परिवार पालने को नहीं।
कुर्सी जनता की अमानत है,
इसे अपनी जागीर मत समझो,
जनता को कमजोर और बेवकूफ
बार-बार मत समझो।
क्योंकि एक दिन—
न जाति काम आएगी,
न धर्म का नारा,
न झूठी देशभक्ति,
न भीड़ का सहारा।
उस दिन जनता पूछेगी—
“हमने तुम्हें चुना था देश के लिए,
तुमने देश को क्यों बाँटा?”
“हमने तुम्हें चुना था न्याय के लिए,
तुमने न्याय को क्यों बेचा?”
“हमने तुम्हें चुना था विकास के लिए,
तुमने अपना घर क्यों भरा?”
“हमने तुम्हें चुना था जनता के लिए,
तुमने जनता को ही क्यों डराया?”
और उस दिन
न कोई अंधभक्त होगा,
न कोई अंधविरोधी,
सिर्फ़ एक सवाल होगा—
क्या यह देश नेताओं का है?
नहीं!
यह देश जनता का है।
और जब जनता जागेगी,
तो नफ़रत की दीवारें गिरेंगी,
झूठे नारों की आवाज़ दबेगी,
सवालों की आवाज़ उठेगी।
क्योंकि लोकतंत्र में
चुप रहना हमेशा शांति नहीं होता—
कभी-कभी चुप्पी
तानाशाही की सबसे बड़ी ताकत होती है।
इसलिए सवाल पूछो,
पर सच के साथ पूछो।
विरोध करो,
पर हिंसा के बिना करो।
नेता को नेता समझो,
भगवान मत बनाओ।
पार्टी को पार्टी समझो,
देश मत बनाओ।
और याद रखो—
देश किसी नेता से बड़ा है,
जनता किसी पार्टी से बड़ी है,
और संविधान किसी कुर्सी से बड़ा है।
आज नहीं तो कल,
जनता सब समझ जाएगी।
और जिस दिन जनता ने
डर से ऊपर उठकर सवाल पूछ लिया—
उस दिन सत्ता को
जनता के सामने
जवाब देना ही पड़ेगा।
क्योंकि लोकतंत्र में
जनता चुप हो सकती है,
पर हमेशा के लिए
सोई नहीं रह सकती।
अमित कुमार वंशी
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें